चोरों को नहीं रहा पुलिस का खौफ

डरोह (कांगड़ा)। इलाके में लंबे समय से हो रही सिलसिलेवार चोरी की घटनाओं पर पुलिस अंकुश नहीं लगा पाई है। भवारना पुलिस के लिए चोरों को पकड़ना चुनौती बन गया है। पुलिस की कार्रवाई अब गश्त मात्र तक ही सीमित रह गई है। लेकिन पुलिस के हाथ अभी भी खाली हैं। चोरी की घटनाओं से घबराए लोग रात-रात भर जागकर घरों के बाहर पहरा दे रहे हैं। लंबे समय से इलाके में कई चोर गिरोह सक्रिय हैं और वह रुक-रुक कर इस क्षेत्र में छोटी बड़ी चोरी की दर्जनों वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। रविवार को सुलह के जंसू गांव में भारी बरसात में चोरों ने ऐसी ही एक घटना को अंजाम दिया।
जंसू निवासी प्रकाश चंद के घर से चोर पौने किलो चांदी और लगभग सात हजार नकदी उड़ा ले गए। घर के सदस्य मकान के दूसरे हिस्से में सो रहे थे। जबकि पुराने मकान से चोरों ने कीमती सामान उड़ा लिया। चोरों ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उन्हें न तो लोगों का डर है और न ही उन्हें पुलिस की गश्त की परवाह है। पुलिस रात भर इलाके में गश्त के नाम पर सैकड़ों किलोमीटर गाड़ी दौड़ा चुकी है मगर उनके हाथ चोरों की गर्दन से कोसों दूर हैं। वहीं स्थानीय लोगों में भी पुलिस की कार्रवाई को लेकर खासा रोष है। क्योंकि करीब डेढ़ माह से इलाके में लगातार चोरी की वारदातें घट चुकी हैं। लेकिन पुलिस के हाथ पूरी तरह से खाली हैं। भवारना थाना के प्रभारी ब्रह्मदास ने बताया कि सुलह के जंसू में रविवार को चोरी की घटना का मामला दर्ज है तथा पुलिस छानबीन कर रही है। उधर डीएसपी पालमपुर मनमोहन सिंह का कहना है कि पुलिस ने एक विशेष रात्रि गश्त दस्ता तैयार किया है जो इलाके में रात को गश्त कर रहा है। उन्होंने बताया कि चोर बहुत जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

Related posts