चोरों की अफवाह ने उड़ाई नींद

पालमपुर (कांगड़ा)। उपमंडल में इन दिनों चोरी की वारदातों का सिलसिला इस कदर बढ़ गया है कि लोग चोरों के डर से सारी-सारी रात जागकर गुजार रहे हैं। पंचरुखी इलाके की भरवाना पंचायत में पिछले कई दिनों से कुछ ऐसा ही आलम है। ऐसा हाल उपमंडल की इसी एक पंचायत का नहीं, साथ लगते इलाकों में भी ऐसा ही है। लोग हाल ही में लगातार हुई चोरी की वारदातों से इस कदर सहमे हुए हैं कि चोरों के आने की अफवाह में रोजाना जागते हुए रातें बिताने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार इन दिनों पंचरुखी इलाके की पंचायत भरवाना में आए दिन चोरों का शोर है। लोगों में यह अफवाह फैल रही है कि चोर गांव में आ गए हैं। इसके चलते पंचायत के लोग सारी-सारी रात सो नहीं पा रहे हैं। वहीं रोचक बात यह है कि अभी तक इस इलाके में एक बार भी चोरी की घटना नहीं घटी है। लेकिन बावजूद इसके पूरे उपमंडल के लोगों में चोरों का खौफ पैदा हो गया है। शनिवार रात भी पंचायत में बार बार चोरों के आने का शोर मचा रहा। पहले रात को साढ़े 9 बजे हल्ला पड़ा कि गांव में चोर आ गए हैं। लेकिन निकला कुछ भी नहीं। उसके बाद रात अढ़ाई बजे फिर चोरों का शोर पड़ गया। इसके चलते लोग रात भर जागते रहे।
स्थानीय निवासी वीर सिंह, राम सिंह, शांति स्वरूप शर्मा, अजय धीमान, रवि कुमार, अमित कुमार, हिमांशु, सविंद्र शर्मा, ऋषु धीमान, विवेक राणा, सुरजीत कुमार, आशिव कुमार, रमेश कुमार आदि का कहना है कि रोजाना भरवाना पंचायत में चोरों की अफवाह उड़ रही है। ऐसे में वह सारी रात पहरा दे रहे हैं। उधर, पंचरुखी पुलिस के चौकी प्रभारी योगेंद्र पाल अवस्थी ने कहा कि पुलिस गश्त कर रही है। पुलिस का कहना है कि कुछ शरारती तत्व अफवाहें फैलाकर लोगों को परेशान कर रहे हैं। इलाके में कहीं भी कोई चोरी नहीं हुई है।

Related posts