चोरी के दोषियों को दो-दो साल की सजा

पालमपुर (कांगड़ा)। चोरी के दो आरोपियों को दोषी करार देते हुए पालमपुर के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राजेंद्र कुमार की अदालत ने शनिवार को सजा सुनाई है। दोनों दोषियों को दो-दो साल की कैद तथा दो-दो हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है। जानकारी के मुताबिक चोरी के आरोप में कुछ माह पूर्व पालमपुर पुलिस की ओर से गिरफ्तार आरोपी सतनाम निवासी गुरदासपुर और मंजु निवासी खलेठ को अदालत ने साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाया है। सहायक जिला न्यायवादी संजीव राणा ने कहा कि चोरी करने के दोषियों को आईपीसी की धारा 457 व और 380 के तहत दो-दो साल की कैद और 2-2 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। जुर्माना अदा न करने की सूरत में इनको छह माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। यह दोनों चोर चोरी की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। पालमपुर पुलिस ने इन दोनों को ठाकुरद्वारा में एक रिटायर कर्नल के घर से चोरी के इल्जाम में गिरफ्तार किया था।

बीएड के छात्रों ने निकाली एड्स जागरूकता रैली
एड्स जागरूकता चिन्ह बनाकर लोगों को जागरूक किया
धर्मशाला। अवस्थी बीएड कालेज बड़ोल में शनिवार को विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने एड्स पर जागरूकता पोस्टर भी बनाए। इसके अलावा बीएड के विद्यार्थियों ने बड़ोल से लेकर दाड़ी तक एड्स जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान कॉलेज की प्राचार्य रंजना डिंगले ने विद्यार्थियों को एड्स के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्राध्यापक मोनिका दीक्षित, सोनिया चौधरी, रिचा, नवीन धीमान, नितिका, सुमित कुमार और रविंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। उधर, डीएवी स्कूल धर्मशाला के बच्चों ने एड्स दिवस की पूर्व संध्या पर मानव शृंखला से एड्स जागरूकता चिन्ह बनाकर लोगों को जागरूक किया।

Related posts