चोरी के गहने खरीदने वाला ज्वेलर काबू

भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के अंतर्गत भराड़ी थाना में दर्ज चोरी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस ने तकरीबन 90 हजार की कीमत के गहनों की चोरी का केस कुछ ही दिन में सुलझाते हुए न केवल चोर को गिरफ्तार किया, बल्कि गहनों की खरीदारी करने वाले ज्वेलर को भी दबोचा है। उसके कब्जे से बाकायदा गहने भी बरामद किए गए हैं। घर से गहने चुराकर संजय कुमार नामक शख्स ने इन्हें 50 हजार में ज्वेलरी की दुकान चलाने वाले राजेश कुमार को बेचा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक भराड़ी थाना के लौहट गांव में मंगलवार को सोने के करीब 90 हजार के गहने चोरी हो गए थे। लौहट गांव की कमलेश कुमारी ने मंगलवार को पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज करवाई थी। महिला के अनुसार उसके घर से सोने की नथ, सोने का चक, सोने की चेन व दो सोने की अंगुठियां चोरी हो गई थीं। इनकी कीमत लगभग 90 हजार बताई गई है।
महिला ने चोरी का आरोप अपनी जेठानी के बेटे भतीजे संजय पर लगाया। इसे गिरफ्तार किया गया तो उसने सारी हकीकत बयान कर दी। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने गुनाह कबूल किया है। उसके बयान के आधार पर पुलिस ने ज्वेलरी की शॉप पर छापा मारा। यहां से तमाम गहने बरामद कर लिए गए। डीएसपी अंजनी जसवाल ने बताया कि चोरी के आरोप में लौहट गांव के संजय कुमार को पहले ही गिरफ्तार किया है। उसके बयान के आधार पर ज्वेलरी शॉप में छापामारी कर गहने भी बरामद हुए हैं। ज्वेलरी संचालक राजेश कुमार को भी हिरासत में लिया गया है। संजय ने राजेश को यह गहने 50 हजार रुपये में बेचे थे।

Related posts