
धर्मपुर (मंडी)। चोरी के केस में वांटेड व्यक्ति को रोहड़ू पुलिस ने धर्मपुर पुलिस के सहयोग से धर दबोचा। चोरी के मामलाे में वांटेड अजय कुमार उर्फ राकेश कुमार की रोहड़ू पुलिस को पिछले कई वर्षों से तलाश थी। उसे रोहड़ू पुलिस के पीओ सैल दल ने रविवार को तरोहला बैम्हड़ से पकड़ने में सफलता हासिल की। आरोपी को पकड़ने के बाद पीओ सैल रोहड़ू की टीम उसे अपने साथ ले गई है।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना में पता चला कि राकेश कुमार तरोहला बैम्हड़ की तरफ है। इस पर धर्मपुर पुलिस चौकी प्रभारी मोहिंद्र पाल के नेतृत्व में पुलिस दल तथा रोहड़ू से आई पीओ सैल टीम ने बैम्पड़ मोड़ पर नाका लगा दिया। पुलिस की कार्रवाई के समय अजय एक जीप में सवार था। उसे तलाशी के बाद पुलिस तथा पीओ सैल की टीम ने पकड़ लिया। इधर, डीएसपी सरकाघाट संजीव भाटिया ने बताया कि अजय उर्फ राकेश की रोहड़ू पुलिस को तलाश थी। उसे धर्मपुर पुलिस के सहयोग से पकड़ लिया गया है। आरोपी को रोहड़ू पीओ सैल के सुपुर्द कर दिया गया है।
