चोरी की पेंट पहन घूम रहा था, धरा गया

पधर (मंडी)। पधर क्षेत्र के साहल और घड़ोपा गांव में आठ जून को हुई चोरियों में वांछित गिरोह को पधर पुलिस ने पकड़ लिया है। मोबाइल फोन लोकेशन के माध्यम से पुलिस को चोर गिरोह तक पहुंचे में सफलता हाथ लगी है। गांव में निशानदेही पर लाए गए गिरोह के एक सदस्य ने घड़ोपा निवासी फोरमैन कांशी राम की चोरी हुई पेंट पहन रखी थी। जिस पर टेलर नरेश की दुकान का स्टीकर लगा हुआ था। चोर गिरोह के सदस्य दिन को सामान बेचने के मकसद से गांव में आते थे और रात को घरों में सेंधमारी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस थाना प्रभारी पधर संजीव सूद ने बताया कि चोर गिरोह के सदस्य सुजानपुर में चोरी के मामले में रंगे हाथों पकड़े गए। उनके पास जो मोबाइल नंबर थे, उनकी लोकेशन 8 जून की रात को पधर क्षेत्र में पाई गई। पुलिस शिनाख्त के लिए गिरोह के चार सदस्यों को पधर के साहल और घड़ोपा गांव ले जाया गया। गिरोह के एक सदस्य ने घड़ोपा निवासी कांशी राम की पेंट पहन रखी थी। जिसे कांशी राम की पत्नी ने पहचान लिया। चोर गिरोह के सदस्य नगरोटा बगवां के सेराथाना निवासी शंभू उर्फ सौदागर, बलधर गांव के निवासी निरंजन उर्फ ठोलू, सेराथाना गावं निवासी संजू उर्फ चांडा, नूरपुर निवासी राम प्रसाद उर्फ रोमी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि निशानदेही के आधार पर चोरों के घरों से जेवरात और 15 हजार की नगदी बरामद कर ली है। बताते चलें कि इस गिरोह ने पधर क्षेत्र के निचले साहल गांव में प्रीतम कुमार पुत्र सोहन सिंह, प्रताप चंद पुत्र अच्छरू राम और घड़ोपा गांव में तरसेम सिंह के मकान में 8 जून की रात को सेंध लगाकर नगदी, आभूषणों पर हाथ साफ किए थे।

Related posts