चोरी की तीन गाड़ियां बरामद, चौथी का सुराग लगा

शिमला। शहर के विभिन्न इलाकों से चोरी हुई तीन गाड़ियों को बरामद कर लिया गया है। इनमें बलेरो कैंपर, इंडिका और इंडिगो गाड़ियां शामिल हैं। इन गाड़ियों को चोरी करने के पीछे ‘ताजा’ गिरोह के लोगों का हाथ बताया जा रहा है। इससे पहले कि आरोपी गाड़ियों को बेच पाते, पुलिस ने इस गैंग के सदस्यों को धर लिया। अभी एक और गाड़ी इन लोगों की निशानदेही पर बरामद की जानी है। पुलिस को इसके सुराग मिल गए हैं।
पुलिस के मुताबिक चोरी की तीसरी गाड़ी अंबाला से बरामद की गई है। पुलिस ने सबसे पहले इस गिरोह के एक सदस्य गुलजार को भट्टाकुफर रोड पर गाड़ी चुराते हुए पकड़ा था। पूछताछ के बाद पुलिस ने पंजाब से गिरोह के सरगना ‘ताजा’ नाम के शख्स को हिरासत में लिया। गुलजार का काम उसके पास केवल गाड़ी पहुंचाने का था। उसे एक गाड़ी का पचास हजार रुपये मिलते थे। शिमला शहर से आरोपी उसके पास तीन गाड़ियां पहुंचा चुका था लेकिन चौथी गाड़ी ले जाने से पहले फंस गया। पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद शहर से गाड़ी चोरी होने की सूचना नहीं आई है। डीएसपी सिटी पंकज शर्मा ने कहा कि तीन गाड़ियां बरामद कर ली गई हैं। अभी एक और गाड़ी को चोरी करने की बात स्वीकार कर रहे हैं। उसे भी जल्द बरामद कर लिया जाएगा।

Related posts