चोरी की घटनाओं के बाद बढ़ी पुलिस गश्त

सुंदरनगर (मंडी)। शहर में मंगलवार रात हुई चोरी की वारदातों का चौबीस घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस बुधवार को सुंदरनगर से मंडी तक जगह-जगह भटकती रही, मगर कुछ भी हाथ नहीं लगा। शहर में चोरी की वारदातों में इजाफा होने के बाद पुलिस प्रशासन ने गश्त बढ़ाने तथा रात के समय क्षेत्र की नाकाबंदी करने का निर्णय लिया है। चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने पुराना बस स्टैंड के पास स्थित यातायात नियंत्रण कक्ष पर लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने का निर्णय लिया है। इसके अलावा पुलिस ने सुंदरनगर शहर में मोबाइल सेवा प्रदान करने वाले विभिन्न आपरेटरों से मंगलवार रात की मोबाइल लोकेशन की विस्तृत जानकारी मांगी है। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस चोरों के गिरेबान तक पहुंचने की कोशिश करेगी। मंगलवार रात चोरों ने रेस्ट हाउस चौक से पुराना बस स्टैंड के बीच मनाली-चंडीगढ़ राजमार्ग पर छह दुकानों के ताले तोड़ कर करीब पांच लाख के जेवर व नकदी चुरा ली थी। चोरों के निशाने पर ज्यादातर आभूषण निर्माता थे। इधर, डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस भरसक प्रयत्न कर रही है। सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल लोकेशन से कुछ सुराग हाथ लगने की उम्मीद है। शहर में गश्त बढ़ा दी गई है, रात को शहर की पूरी तरह से नाकेबंदी की जा रही है।

Related posts