
भवारना (कांगड़ा)। स्थानीय फरेढ़ गांव में एक फर्नीचर की दुकान से हुई चोरी के मामले में भवारना पुलिस ने वीरवार रात को पठानकोट से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। इस व्यक्ति पर दुकान मालिक ने चोरी करने का मामला 9 जून को दर्ज करवाया था। पुलिस ने गिरफ्तार व्यक्ति को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर भवारना थाना भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार शिवा फर्नीचर हाउस फरेढ़ के मालिक सतीश कुमार ने भवारना थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी दुकान पर ही काम करने वाले सन्नी पुत्र तरसेम लाल निवासी पठानकोट ने आठ जून रात को गल्ले से करीब 87 हजार रुपए चुरा लिए हैं। तब से पुलिस सन्नी की तलाश कर रही थी। पुलिस शुक्रवार को सन्नी को पठानकोट से गिरफ्तार कर लाई है। एसएचओ थाना भवारना बह्मदास ठाकुर ने कहा कि सन्नी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसे रिमांड पर भेज दिया गया है।
