
बैजनाथ (कांगड़ा)। चोबू-चढियार मार्ग चोबू पुल के आगे वाले हिस्से में भारी मात्रा में भूस्खलन होने के कारण पिछले तीन दिन से आवाजाही के लिए पूर्णतया बंद पड़ा हुआ है। लोनिवि के पंचरुखी सब डिविजन के तहत आने वाले हिस्से में चोबू पुल के आगे पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानेें व भारी पत्थर मलबे सहित मार्ग पर गिर गए हैं। विभागीय जेसीबी और मजदूर मलबे व पत्थरों को हटाने में लगे हुए हैं लेकिन अब भी तीन से चार दिन का समय मार्ग को सुचारु करने में लग सकता है। मार्ग के आवाजाही के लिए अवरुद्ध होने के कारण चढियार और सिंबल के आस पास के क्षेत्रों के सैकड़ों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना इस मार्ग से करीब एक दर्जन निजी व सरकारी बसें और सैकड़ों निजी वाहन गुजरते हैं। ऐसे में लोगों को लंबी दूरी तय करके अपने गंतव्य तक जाना पड़ रहा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता जेएस गुलेरिया ने बताया कि बड़ी चट्टानोें को हटाने का कार्य चला हुआ है। जल्द ही मार्ग को सुचारु कर दिया जाएगा।
