
सतौन (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र के बड़वास पंचायत के अंतर्गत गांव चोकि मृगवाल के लगभग 50-60 परिवार पिछले चार दिनों से पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। पानी की समस्या पंप हाउस पर विद्युत आपूर्ति न होना बताया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग के एक लाइनमैन को इस बारे में सूचित भी कर दिया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पाई।
ग्रामीण कपिल, भगवान सिंह, बाबूराम, रामेश्वर, दिनेश कुमार, खजान सिंह आदि ने बताया कि तीन दिन पहले रात को अचानक मौसम के खराब होने के कारण आसमानी बिजली कड़की थी। उसी समय पंप हाउस की विद्युत आपूर्ति भी बंद हो गई थी। उस दिन से अभी तक पंप हाउस की आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई। इस कारण ग्रामीणों को पंप हाउस से पानी की आपूर्ति नहीं हो पा रही है। ग्रामीणाें को एक से दो किलोमीटर दूर से पीने का पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। रास्ता पूरी तरह चढ़ाई वाला होने के कारण मवेशियों को भी पानी ढोकर ही घर पर पिलाना पड़ता है जिससे ग्रामीणों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जल्द इस बारे में समस्या को दूर करने की गुहार लगाई है ।
उधर, इस संदर्भ में आईपीएच के सहायक अभियंता पीके मलिक ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान निकाला जाएगा। विद्युत विभाग को सूचित कर दिया गया है। एक-दो दिन के भीतर गांव में पानी आ जाएगा।
