चोकर गांव में शादी में शराब पर प्रतिबंध

राजगढ़ (सिरमौर)। उप तहसील नौहराधार के चोकर गांव के लोगों ने विवाह समारोह में शराब पिलाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाकर ऐतिहासिक पहल की है। इसे अमलीजामा पहनाने के लिए लोगों ने गांव के प्रतिष्ठित परिवार में 2 जून को होने वाले विवाह समारोह से ही इस निर्णय को लागू करने का फैसला लिया है। यह फैसला 31 मई विश्व तंबाकू निषेध दिवस के मौके पर लिया गया।
ग्राम पंचायत चोकर की प्रधान सुमन चौहान, पूर्व प्रधान मोहरध्वज चौहान, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य जगमोहन चौहान, योगराज, हरिदत्त, राम गोपाल व वसंत कुमार ने बताया कि गांव के लोगों ने विवाह समारोह में शराब के बढ़ते चलन पर व्यापक चर्चा की ओर इससे होने वाली हानियों को देखते हुए इस अब भविष्य में चोकर गांव में होने वाले विवाह समारोह में शराब नहीं बांटी जाएगी, यही नहीं गांव को कोई भी व्यक्ति अपने घर पर भी अपने रिश्तेदारों को शराब पिलाने की व्यवस्था नहीं करेगा। यह निर्णय सभी पर लागू रहेगा और जो कोई व्यक्त इस नियम को तोडे़गा गांव के लोग ग्राम स्तर के सभी प्रकार के आयोजनों में उसका सहयोग नहीं करेगा।
चोकर गांव के लोगों की यह पहल समूचे क्षेत्र के लिए एक उदाहरण बन गई है। विवाह समारोह में शराब का चलन इस कदर बढ़ गया है कि अब जो व्यक्ति शराब नहीं पीते हैं वह विवाह में जाने से कतराने लगे हैं क्योंकि उन्हें पूछने वाले चंद लोग ही रह गए हैं। अन्य गांव के लोग इसे कितना अपनाते हैं यह तो भविष्य बताऐगा लेकिन चोकर गांव के लोगों की इस पहल की सभी लोग सराहना व प्रशंसा कर रहे हैं।

Related posts