चेतक-चीता के हवाले रेस्क्यू

धर्मशाला। इंद्रहार जोत में ट्रैकिंग के दौरान लापता हुए दो फ्रांसीसी युवकाें का नौवें दिन भी पता नहीं लग पाया है। सुबह के वक्त पवन हंस हेलीकाप्टर ने इंद्रहार के लिए उड़ान भरी थी, मगर दोनों युवकों का पता नहीं चल पाय। वहीं, खराब मौसम के कारण सेना का रेस्क्यू आपरेशन शुरू नहीं हो पाया।
पुलिस मैदान से चीता और चेतक हेलीकाप्टर वापस पठानकोट चले गए हैं। अगर, शुक्रवार को मौसम साफ रहता है तो सेना के दोनों हेलीकाप्टर इंद्रहार में लापता युवकों की तलाश करेंगे। उधर, फ्रांस से आई टीम ने भी अपना सर्च आपरेशन शुरू कर दिया है। देर शाम तक दोनों युवकों का पता नहीं लग पाया था। इन दिनों बारिश का दौर जारी है। थोड़े-थोडे़ अंतराल के बाद तेज बारिश हो रही है। इस कारण इंद्रहार के पास मौसम धुंध भरा हो गया है। लिहाजा हेलीकाप्टर के माध्यम से भी युवकों को तलाशने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। खराब मौसम के कारण सेना के हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पाए। इंद्रहार जोत में 20 अगस्त को फ्रांस के रहने वाले दो युवक वेलेनटिनो और जेवियर लापता हो गए थे। नौ दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक युवकों का कोई पता नहीं है। डीआरओ नरेश ठाकुर ने बताया कि फ्रांसीसी युवकों की तलाश इंद्रहार में की जा रही है। सुबह के वक्त हेलीकाप्टर के माध्यम से युवकों की तलाश की गई, मगर युवकों का पता नहीं लग पाया है। शुक्रवार को मौसम साफ रहने पर सेना के दो हेलीकाप्टर इंद्रहार में युवकाें की तलाश करेंगे।

Related posts