चुनौट मार्ग पर मजदूर की खाई में गिरने से मौत

शिलाई (सिरमौर)। रोनहाट के पास निर्माणाधीन रास्त मानल चुनौट मार्ग पर कार्य कर रहे एक मजदूर की 300 मीटर गहरी खाई मे गिर जाने से मौका पर ही मौत हो गई। शिलाई पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वीरवार शाम निर्माणाधीन रास्त मानल चुनौट मार्ग पर कार्य कर रहे किन्नौर जिला के ज्यूरी निवासी 21 वर्षीय विजय कुमार पुत्र सैंजराम की 300 मीटर गहरे खड्ड में गिरने से मौत हो गई। मृतक व्यक्ति सड़क निर्माण कार्य में निजी ठेकेदार के साथ मजदूरी करता था।
शिलाई पुलिस ने शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया है। तहसीलदार शिलाई आशा नंद ठाकुर ने मृतक के परिजनों को 5 हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी है। उधर शिलाई पुलिस के थाना प्रभारी बालक राम चौधरी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि धारा 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।

Related posts