चुनाव प्रचार में बाधा बनने लगा मौसम

भरमौर (चंबा)। मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए मतदान की तिथि जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, भाजपा-कांग्रेस का प्रचार तेज होता जा रहा है। वहीं, चुनावी गर्मी में लगातार हो रही बारिश और ठंड ने बाधा खड़ी कर दी है।क्षेत्र में तीन दिन से हो रही बारिश से प्रचारक परेशान हो रहे हैं। उल्लेखनीय है कि जनजातीय क्षेत्र के दूरदराज इलाकों की सड़कें थोड़ी सी बारिश के कारण ही बंद हो जाती हैं। ऐसी बारिश में प्रचार करना भाजपा-कांग्रेस के नेताओं के लिए काफी मुश्किल हो गया है। इस कारण दोनों पार्टियों के प्रचारक दिन भर टेलीफोन और दूरभाष के माध्यम से ही प्रचार में जुटे हुए हैं। वहीं, 23 जून को होने वाले मतदान के लिए करीब एक सप्ताह शेष बचा है। ऐसे में दोनों पार्टियों के दिग्गजों ने अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए प्रचार के सभी हथकंडे अपनाने शुरू कर दिए हैं। भाजपा की ओर से मंडी संसदीय सीट के लिए चुनावी मैदान में उतरे जयराम ठाकुर अपने पक्ष में मतदान का प्रचार करके वापस लौट चुके हैं। दूसरी और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह 19 जून को चुनाव प्रचार के लिए भरमौर पहुंचेंगी।

Related posts