चुनाव के बाद ही मिलेंगे इलेक्ट्रानिक राशनकार्ड

शिमला। हिमाचल में इलेक्ट्रानिक राशनकार्ड चुनाव के बाद ही मिलेंगे। राज्य में लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले शुरू हो चुकी डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया चुनाव के बाद पूरी हो जाएगी। यह प्रक्रिया जैसे ही पूरी हो जाती है तो लोगों को इलेक्ट्रानिक राशन कार्ड दिए जाएंगे। इस प्रक्रिया में लगभग आठ लाख फर्जी उपभोक्ता राशन कार्डों से बाहर होंगे। हिमाचल की जनसंख्या भले ही 68 लाख 64 हजार के करीब हो, मगर राशनकार्ड उपभोक्ताओं की कुल संख्या 76 लाख है। आठ लाख से ज्यादा की बढ़ी हुई यह जनसंख्या वह है, जिसने फर्जी तरीके से राशन कार्ड बना रखे हैं। यह जनसंख्या सस्ती दरों पर सरकारी राशन ले रही है। इससे सरकार को भी चूना लग रहा है। इसी मकसद से इलेक्ट्रानिक राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। प्रधान सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के. संजयमूर्थि ने भी माना कि इलेक्ट्रानिक राशन कार्डों की डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया भले ही जल्दी पूरी हो जाएगी, पर नए तरीके के राशन कार्ड देने में अभी समय लग जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया के बीच यह वैसे भी संभव नहीं हो पाएगा।

Related posts