चुनाव का बहिष्कार करेंगे बमटा के ग्रामीण

चौपाल (शिमला)। चौपाल तहसील की बमटा पंचायत के लोगों ने विकास में हो रही अनदेखी के कारण लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। लोगों में पंचायत की अनदेखी पर राजनीतिक दलों के प्रति रोष है।
लोगों का आरोप है कि वर्ष 1985 में बनी बमटा पंचायत की सड़क आज भी कच्ची है। किसी भी राजनीतिक दल ने सड़क को पक्का करने के लिए कोई भी कदम नहीं उठाए। बरसात और सर्दियों के मौसम में सड़क बंद रहती है। यहीं नहीं पंचायत में करीब दो दशक पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला गया था, लेकिन आज तक स्वास्थ्य केंद्र के पास अपना भवन नहीं है। न ही स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक उपलब्ध है। पंचायत में बिजली की आंख मिचौनी की समस्या से भी लोग परेशान हैं। कई-कई दिन तक पंचायत में बिजली गुल रहती है।
स्थानीय निवासी देवेंद्र सिंह प्रिमटा, विद्या दत शर्मा, करतार झाल्टा, ध्यान सिंह डमाल, सोहन सिंह भंडारी, तरलोक भंडारी, भोपिंद्र सिंह, रविंद्र सिंह पापटा, जय राम पापटा, सुरेंद्र सिंह झगटा, सोहन सिंह झगटा, नरवीर सिंह, मीनू राम शर्मा, रामदत्त शर्मा, कुलदीप सिंह झगटा, कंवर सिंह शर्मा, हैप्पी झगटा, रिंकू प्रिमटा, प्रदीप चम्टा, बिट्टू चम्टा, नरेश डमाल, भोपिंदर सिंह, मंगत राम चौहान, दलीप, सोहन सिंह पापटा, मदन, रविकांत, हरदयाल, अनिल कुमार, लच्छी राम, प्रकाश चंद, जगदीश शर्मा, प्रदीप कुमार, शिव लाल, नरेश मांटा, कुलदीप ठाकुर, संजीव पांटा, संत राम पापटा, करतार पापटा, दिनेश पापटा, गुलाब सिंह रपटा, मान सिंह पापटा, गुलाब सिंह, साईं राम, हेम राज, सुरजीत झगटा, मुकेश झगटा, पवन झगटा, नरेश झगटा, खजान सिंह पापटा, लोकिंद्र सिंह, योगिंद्र, रमेश धोपटा, जोगिंद्र धोपटा सहित कई ग्रामीणों ने प्रेस को जारी बयान में बताया कि सभी राजनीतिक दलों ने अभी तक बमटा पंचायत की अनदेखी की है। सभी समस्याओं को देखते हुए ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया है।

क्या कहना है पूर्व विधायक का
इस संबंध में चौपाल के पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट का कहना है कि सड़क को पक्का करना उनकी प्राथमिकता में शामिल है। इसके अलावा पीएचसी के लिए जमीन मिलते ही इसका भवन बना दिया जाएगा। बिजली की समस्या को भी उन्होंने काफी हद तक सुधारा है।

क्या कहते हैं मंडल कांग्रेस अध्यक्ष
चौपाल मंडल कांग्रेस के अध्यक्ष सवला राम का कहना है कि उन्हें आपसे ही इसकी जानकारी मिली है। वे लोगों से बात करेंगे, प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में एकसमान विकास करवा रही है। चुनाव के बाद बमटा के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जाएगा।

Related posts