चुक्कू पंचायत में घुसा मलबा

पधर (मंडी)। मूसलाधार बारिश ने रविवार रात को ग्राम पंचायत चुक्कू में भारी नुकसान पहुंचाया। चुक्कू गांव के नीचे रझौण में भारी मात्रा भूस्खलन होने से मलबा और चट्टानें लगभग एक किलोमीटर नीचे पपलाहण गांव तक पहुंच गईं।
भूस्खलन से बचाव को रझौण के समीप के गांव जुजलू के ग्रामीणों ने रात को ही दूसरे गांव को पलायन कर लिया। इस बीच जुझलू गांव के चमन लाल पुत्र रूप सिंह अन्य ग्रामीणों को बचाने के चलते
नाले में बह गए। ग्रामीणों ने घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में नाले के बहाव में फंसे चमन लाल को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सोमवार सुबह चुक्कू मार्ग अवरुद्ध होने के चलते ग्रामीणों ने उसे झूले में डालकर चुक्कू गांव से होते हुए पैदल सल्हाणा गांव पहुंचाया। यहां से 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए उसे पधर अस्पताल लाया गया। चमन लाल को पधर अस्पताल से मंडी रेफर कर दिया गया है। मलबे से पपलाहण और चोआ गांव में स्कूल सहित पांच मकान खतरे की जद में आ गए हैं। इसमें नारद सिंह की एक खोखानुमा दुकान का कोई नामोनिशान नहीं रहा है। गंगा राम, शेर सिंह के रिहायशी मकानों, सौजू राम की दुकान सहित प्राथमिक पाठशाला पपलाहण मलबे की जद में आ गई हैं।
रझौण गांव में भूस्खलन होने से पहाड़ी पर बसे चुक्कू गांव की लगभग 250 की आबादी को भी खतरा बना हुआ है। चौआ गांव के तुलसी राम पुत्र अमर सिंह का लगभग 6 बीघा का उपजाऊ भूभाग का कोई नामोनिशान नहीं रहा है।
उरला चुक्कू वार्ड से पंचायत समिति सदस्य एवं द्रंग भाजपा के अध्यक्ष मोहन सिंह ठाकुर ने घटना स्थल का दौरा किया है। उन्होंने ग्रामीणों से नुकसान का जायजा लेने के बाद घटना की सूचना एसडीएम पधर को दी। प्रशासन की ओर से तहसीलदार लालमन ठाकुर ने घटनास्थल का मुआयना किया। प्रशासन ने चुक्कू पंचायत के प्रभावित गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है। उन्होंने नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दे दिए हैं। उन्होंने प्रशासन की ओर से प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने की भी बात कही। पंचायत प्रधान दिनेश कुमार, उप प्रधान चंद्रमणी, वार्ड सदस्य अभिलाष ने भी घटनास्थल का दौरा किया है।

Related posts