
चंबा। चंबा जिले में चार मॉडल स्कूल भवनों का निर्माण किया जाएगा। इन भवनों के निर्माण के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने बजट का प्रावधान कर दिया है। कुछ वर्ष पूर्व सरकार ने प्रदेश भर में मॉडल स्कूल खोले थे। इस दौरान चंबा जिला को भी चार मॉडल स्कूल मिले थे, लेकिन अभी तक ये सरकारी स्कूलों के भवनों में ही चल रहे थे। इनके अपने भवन नहीं बनाए गए थे। जानकारी के मुताबिक चंबा ब्लॉक के भड़ियांकोठी, विकास खंड सलूणी के डांड, उपमंडल तीसा में खुशनगरी और पांगी के हिलोर में मॉडल स्कूल भवनाें का निर्माण किया जाएगा। स्कूल के भवन निर्माण पर 75 प्रतिशत बजट केंद्र की ओर से खर्च किया जाएगा। इसके अलावा 25 प्रतिशत बजट प्रदेश सरकार वहन करेगी। इन स्कूलों के लिए जगह की चयन किया जा रहा है। फाइनल अप्रूवल मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। भड़ियांक ोठी और हिलोर में भवन निर्माण के लिए जगह का चयन हो चुका है। जल्द ही यहां पर भवन निर्माण का काम शुरू हो जाएगा, लेकिन खुशनगरी और डांड में स्कूल भवन के निर्माण के लिए चयनित जमीन की औपचारिकताएं पूरी नहीं हो पाई हैं। विभाग ने जमीन देख ली है और फोरेस्ट क्लीयरेंस के लिए भी अप्लाई कर दिया गया है, लेकिन अभी तक फाइनल अप्रूवल नहीं मिली है। इस कारण मॉडल स्कूल का निर्माण नहीं हो पाया है। गौरतलब है कि सरकार ने कुछ वर्ष पूर्व प्रदेश में कुल 27 मॉडल स्कूल खोले थे। इसमें जिला चंबा के लिए चार स्कूल मिले थे। मॉडल स्कूल का अपना भवन न होने के कारण इन स्कूलों में पढ़ रहे छात्रों को वे सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जो एक माडल स्कूल में होनी चाहिए। इस संबंध में उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि जिला में चार मॉडल स्कूलों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्कूल भवन के निर्माण के लिए लगभग सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। खुशनगरी और डांड में फॉरेस्ट क्लीयरेंस मिलना बाकी है। इसके बाद मॉडल स्कूल भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा
