चीड़ को सुखाने के लिए मारी कुल्हाड़ी

भीमताल। हरियाली के दुश्मनों को अब गांव के जंगल भी खटकने लगे हैं। भीमताल ब्लाक के बानना ग्रामसभा में कुछ लोगों को अपनी नाप जमीन में खड़े चीड़ के पेड़ रास नहीं आ रहे हैं। इन लोगों ने पेड़ों को सुखाने के लिए उन पर कुल्हाड़ी चलानी शुरू कर दी है। कुल्हाड़ी की चोट अभी जड़ के कुछ ऊपर मारी जा रही है। ताकि धीरे-धीरे पेड़ सूख जाए।
जिस स्थान पर पेड़ों को सुखाया जा रहा है वह अमृतपुर-बानना-कैलाशद्वार रोड में सानना बैंड के ठीक ऊपर पड़ता है। सूत्र बताते हैं कि कुछ समय पहले गांव के ही लगभग दो दर्जन लोगों ने औनेपौने दामों में गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों को 11 नाली से अधिक जमीन बेची थी। उक्त जमीन में प्लाटिंग की योजना है, मगर सैकड़ों चीड़ के पेड़ इसमें आड़े आ रहे हैं।
ऐसे में पेड़ों को हटाने के लिए उन पर कुल्हाड़ी चलाकर गोल घेरे में कटिंग शुरू की गई है। सूत्रों की मानें तो ऐसे सौ से अधिक पेड़ हैं जिनमें कटिंग की गई है। क्षेत्र के पर्यावरण प्रेमियों ने वन विभाग के अधिकारियों से जंगल को बचाने की मांग की है।

Related posts