चींटी की चाल रेंगते रहे वाहन

शिमला। राजधानी शिमला में इन दिनों हर ओर जाम का झाम है। कहीं टारिंग का काम चल रहा है तो कहीं बेतरतीब खड़े वाहन दिक्कत कर रहे हैं। दूसरे दिन भी बाईपास सड़क पर फंसा ट्राला नहीं हटाया जा सका जिससे यातायात सामान्य नहीं हो सका। दिन भर सड़कों पर वाहन चींटी की चाल रेंगते रहे।
टुटीकंडी-ढली बाईपास पर दाड़नी का बगीचा के पास मंगलवार को दूसरे दिन भी ट्राला फंसा रहा। सड़क के बीचों बीच ट्राला फंसा होने के कारण एक एक कर ही वाहनों की आवाजाही हो सकी और जाम की स्थिति बनी रही। विक्ट्री टनल संजौली मार्ग पर टारिंग के चलते ट्रैफिक वन वे करने के कारण भी लोगाें को दिक्कत का सामना करना पड़ा। संजौली-छोटा शिमला मार्ग पर वाहनों की आमद बढ़ने से दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। मार्ग वन वे होने के बावजूद शाम आठ बजे के बाद विक्ट्री टनल-संजौली मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आमद शुरू हो गई जिससे जाम की स्थिति बनी रही।
——————————-
केबल बिछाने को खोद डाली सड़क
संजौली-छोटा शिमला, लक्कड़ बाजार व विधानसभा मार्ग पर सड़क किनारे इन दिनों केबल बिछाने का काम चल रहा है। किनारों में खुदाई के कारण सड़क तंग हो गई है जिस कारण जाम लग रहा है। मंगलवार को भी दिन भर रुक-रुक कर मार्ग पर जाम लगता रहा।

सड़कें बन गईं पार्किंग
राजधानी में बाहरी क्षेत्रों से काफी संख्या में वाहनों की आमद के कारण मंगलवार को शहर की अधिकतर पार्किंग दोपहर बाद पैक हो गईं। पार्किंग में जगह न मिलने पर सैलानियों ने मुख्य सड़क को ही पार्किंग बना दिया। सर्कुलर रोड पर जहां तहां खड़े वाहनों से जाम लगता रहा।

Related posts