चिराग फाइनल में, कुहु बाहर

अल्मोड़ा। कोचीन में चल रही आल इंडिया प्राइजमनी बैडमिंटन प्रतियोगिता में अल्मोड़ा (उत्तराखंड) के चिराग सेन अंडर 17 आयु वर्ग के एकल और युगल के फाइनल में पहुंच गए हैं। जबकि कुहु गर्ग सेमीफाइनल में पराजित होकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई हैं।
उत्तरांचल राज्य बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि अंडर-17 आयु वर्ग में चिराग सेन ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया है। एकल वर्ग के सेमीफाइनल मैच में चिराग सेन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए देश के नंबर दो खिलाड़ी आंध्र प्रदेश के राहुल यादव को 18-21, 21-18, 21-18 से हराकर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया है।
इसी आयु वर्ग के युगल वर्ग में चिराग सेन ने अपने जोड़ीदार अरुणांचल के ला तलार के साथ खेलते हुए उत्तर प्रदेश के कपिल चौधरी और चंद्रभूषण त्रिपाठी की जोड़ी को सीधे सैटों में 21-13, 21-14 से हराकर फाइनल में पहुंच गए हैं।
बालिका अंडर 17 युगल में उत्तराखंड की कुहु गर्ग और उनकी जोड़ीदार निमिसी हजारिका को हार का सामना करना पड़ा है। आंध्र प्रदेश की पूजा और करिश्मा की जोड़ी ने उन्हें 21-19, 21-07 से पराजित किया है।

Related posts