चिराग ने जीता रजत

अल्मोड़ा। कोचीन में आयोजित आल इंडिया जूनियर प्राइजमनी बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर 17 आयु वर्ग के फाइनल मैच में उत्तराखंड के चिराग सेन को एकल और युगल मैच में हार का सामना करना पड़ा और वह खिताब हासिल करने से चूक गए। दोनों वर्गों में उन्हें एक-एक रजत पदक मिले। जबकि बालिका वर्ग में कुहू गर्ग को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
उत्तरांचल बैडमिंटन एसोसिएशन के सचिव बीएस मनकोटी ने बताया कि अंडर-17 एकल के फाइनल मैच में चिराग सेन को उत्तर प्रदेश के अंशुल यादव से कड़े संघर्ष में हार का सामना करना पड़ा। अंशुल यादव ने चिराग को 21-15, 14-21, 22-20 से हराया। चिराग सेन को रजत पदक मिला। इसी आयु वर्ग के युगल मुकाबले के फाइनल में अर्जुन एमआर (केरल) और चिराग सेट्टी (महाराष्ट्र) की जोड़ी ने चिराग सेन (उत्तराखंड) और ला तलार (अरुणांचल) की जोड़ी को 21-13, 21-10 से पराजित किया। युगल वर्ग में भी चिराग सेन को रजत पदक प्राप्त हुआ।
बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले में पराजित कुहू गर्ग को कांस्य पदक मिला है। खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धि का श्रेय प्रशिक्षक डीके सेन को दिया है। खिलाड़ियों की सफलता पर संसदीय सचिव मनोज तिवारी, डीएम अक्षत गुप्ता, एसपी सुनील कुमार मीणा, बैडमिंटन प्लेयर वेलफेयर संघ की अध्यक्ष मधु खाती, शोभना बनर्जी, सीएल सेन, गोकुल मेहता, सुरेश कर्नाटक, जगमोहन फर्त्याल, प्रशांत जोशी, राम अवतार, राजेंद्र बोरा, एसबी राना, दीपक वर्मा, एएनएस रजवार, नंदन रावत, विजय प्रताप, एमसी जोशी आदि शामिल हैं।

Related posts