चिड़की-पहलवाना में मटमैला पानी

जुखाला (बिलासपुर)। गर्मी के बाद अब बरसात ने पेयजल समस्या और गंभीर कर दी है। पहले लोग पानी की कमी से जूझ रहे थे। अब दूषित पानी आने से लोगों में बीमारियां फैलने का अंदेशा बढ़ गया है। ग्राम पंचायत कोटला के गांव चिड़की व पहलवाना गांव का। इन दिनों यही हाल है। दोनों गांवों में मटमैला पानी आ रहा है। प्राथमिक पाठशाला चिड़की में भी पानी की किल्लत है। स्कूली बच्चों के साथ-साथ इन गांव के नुमाइंदों को कई दिनों से पेयजल आपूर्ति नहीं हुई। मजबूरी में इन्हें बावड़ी से पेयजल की आपूर्ति करनी पड़ रही है। बावड़ी में भी लोगों की लंबी कतारें लगी होती हैं। इससे उनके अन्य घरेलू कार्य भी प्रभावित हो रहे है।
स्थानीय निवासी श्यामलाल, संदीप, सुरेश कुमार, बाबू राम, निर्मला, जानकू, बंती, विमला, बलदेव, संजू देवी, कमला, प्रेमी, राजकुमर, रामपाल सहित अन्य ने कहा कि उन्हें उठाऊ पेयजल योजना कोलूण-कोमटा से पेयजल की सप्लाई होती है। लंबे समय से उन्हें पानी की सप्लाई नहीं मिल रही है। इस कारण उन्हें मजबूरी में प्राकृतिक जल स्रोतों का रुख करना पड़ रहा है। बरसात के मौसम में प्राकृतिक जल स्रोतों का पानी भी मटमैला हो गया है। मजबूरी में उन्हें यह पानी पीना पड़ रहा है। मटमैला पानी पीने से गांव में बीमारी फैलने की भी आशंका बन रही है। उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाए। उधर, विभाग के यहां तैनात सहायक अभियंता इंद्र कुमार ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

Related posts