
कुमारसैन (शिमला)। क्षेत्र के बडोगी कैंची के पास एक चिकित्सक और उसके दोस्त ने अपने गांव के साथ लगते दूसरे गांव के युवक की पिटाई कर डाली। मारपीट में युवक को गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सक वर्तमान में कुमारसैन अस्पताल में अपनी सेवाएं दे रहा है। इसके चलते पिटाई में घायल युवक के परिजनों से यहां पर मेडिकल करवाने से इनकार कर दिया। हालांकि, चिकित्सक ने भी बाद में युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डा. बिक्रांत वर्मा और विकास वर्मा ने शनिवार देर शाम अतुल शर्मा (19) के साथ बडोगी कैंची के पास मारपीट की। इससे अतुल को चोटें आई हैं। इधर, एक आरोपी कुमारसैन अस्पताल में चिकित्सक के पद पर तैनात है। इसके चलते अतुल के परिजनों ने यह कह कर यहां मेडिकल करवाने से इनकार कर दिया कि यहां उनके बेटे का मेडिकल सही नहीं हो पाएगा। इसके बाद पुलिस घायल युवक को आईजीएमसी शिमला ले गई। यहां उसका मेडिकल करवाया जाएगा। बताया जा रहा है कि दो गुटों में कुछ दिनों से कोई झगड़ा चला रहा था।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने कहा कि पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने साफ किया कि दोषी चाहे जो भी होगा, बख्शा नहीं जाएगा।
