
नाहन (सिरमौर)। महिला मंडल चिंदोग भराड़ी की महिलाओं ने पेयजल योजना में किए जा रहे निर्माण कार्य को लेकर विभाग तथा संबंधित ठेकेदार के प्रति अपना रोष जताया है। महिलाआें का कहना है कि शड़ाल खड्ड से गांव चिंदोग के लिए बहुग्रामीण पेयजल योजना के तहत बिछाई जा रही पेयजल पाइपों में भारी अनियमितताएं सामने आ रही हैं।
महिला मंडल ने इस बारे अधिशासी अभियंता आईपीएच नौहराधार सहित सहायक अभियंता उप मंडल नौहराधार को लिखित शिकायत भी भेजी है। महिला मंडल सचिव मुगी देवी के नेतृत्व में इस बाबत एक बैठक का भी आयोजन किया गया। बैठक में समस्या रखी गई कि उपरोक्त योजना के तहत विभाग जो पाइपें बिछा रहा है वह नंगी छोड़ दी गई हैं। यही नहीं पाइपों को 4 इंच तक गहरा भी नहीं किया गया है जिसके कारण स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महिला मंडल ने इस बारे मुख्यालय स्थित अधीक्षण अभियंता से गुहार लगाते हुए कहा कि वह क्षेत्र में पेयजल योजना में बिछाई जा रही पाइपों को मानकों के हिसाब से बिछवाएं। साथ ही संबंधित कर्मचारियाें तथा अधिकारियों को इस बारे सख्त निर्देश देकर तकनीकी कमियों को पूरा करवाएं।
बैठक में महिला मंडल की नरीता देवी, सुपारी देवी, शरदा देवी, जनेरो देवी, चिंता देवी, राधा देवी, चंपा देवी, सुगना देवी, कमलेश, बेलो देवी, शांता देवी आदि मौजूद थे।
