
चिंतपूर्णी (ऊना)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में रविवार को लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर पर शीश नवाया। बारिश की हल्की फुहारों के बीच जयकारे लगाते हुए मां के भक्तों ने पावन पिंडी के दर्शन किए। शनिवार रात से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने मंदिर के कपाट रात दो बजे ही खोल दिए थे।
रविवार सुबह मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी-लंबी कतारें लग गई थीं। दिनभर मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा। छुट्टी का दिन होने के चलते मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा प्रबंधों को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल एवं होमगार्ड के जवान भी तैनात किए थे। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह भीड़ के दौरान चेन स्नैचिंग की आधा दर्जन वारदातें हुई थीं। इन घटनाओं के चलते मंदिर प्रशासन सचेत रहा। मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान भी स्थिति का जायजा लेते हुए मंदिर परिसर के अंदर ही दिखे। मंदिर अधिकारी ने बताया कि रविवार को 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दर पर शीश नवाया।
