
धर्मशाला(आत्मा राम)जिले के एक कंप्यूटर सेंटर में कौशल विकास भत्ते के नाम पर कोर्स कर रहे छात्रों को चार माह से राशि नहीं दी गई है। सेंटर में 70 के करीब छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इन्होंने कोर्स पूरा करने के लिए कौशल विकास भत्ते के लिए आवेदन किया था। इसके बाद इन्हें कोर्स के साथ-साथ भत्ता दिया जाना था मगर कंप्यूटर सेंटर संचालक ने अपनी मनमर्जी करते हुए छात्रों को भत्ते की राशि जारी नहीं की। सूत्रों के अनुसार सेंटर में चार माह से कुछेक छात्रों को भत्ते की राशि जारी नहीं हुई है। कुछेक ऐसे भी छात्र हैं, जिन्हें लंबे समय से राशि नहीं मिली है। हालांकि, छात्रों ने अपने अभिभावकों को इसको लेकर सूचना दी थी। इसके बाद मामले में परतें खुलनी शुरू हुई थीं। कंप्यूटर संचालक ने छात्रों के एटीएम और पासबुक के माध्यम से बैंक से छात्रों के भत्ते की राशि निकाली थी। फिलहाल, पुलिस अब मामले में जांच कर रही है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले संबंधी सुबूत भी एकत्रित किए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार कंप्यूटर सेंटर में पैसा ऐंठने का काम लंबे समय से चल रहा है। कंप्यूटर संचालक संस्थान को लाभ पहुंचाने के चक्कर में भत्ते की राशि जारी नहीं कर रहा था। उसने सेंटर में बच्चों के एटीएम कार्ड और कार्ड का व्यक्तिगत नंबर अपने पास रखा था। इसके बाद छात्रों को चार माह से भत्ते की राशि जारी नहीं हुई। अब पुलिस राशि जारी न होने पर भी उससे पूछताछ कर रही है। उधर, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि कार्रवाई कर रही है।
