
सुंदरनगर/महादेव (मंडी)। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह का कहना है कि प्रदेश में चार बार भाजपा को सरकार बनाने का मौका मिला, लेकिन वह अपने एक भी कार्यकाल में ऐसा काम नहीं कर पाई जिसका श्रेय प्रदेश की जनता पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार और प्रेम कुमार धूमल को दे सके। जब भी हिमाचल का इतिहास लिखा जाएगा, उसमें केवल कांग्रेस सरकारों की उपलब्धियों को ही स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। भाजपा के शासनकाल को काले अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने जनता से आह्वान किया है कि वह विकास के लिए कांग्रेस को ही चुनाव में वोट दें। रविवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर प्रतिभा सिंह ने चुनाव प्रचार किया। धनोटू ट्रक यूनियन में अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पूर्व में धूमल सरकार का सत्ता में आना प्रदेश के लिए एक हादसे की तरह रहा है। अपने इस पांच साल के शासनकाल में प्रेम कुमार धूमल एक भी विकास का काम आरंभ नहीं कर पाए। केंद्र प्रायोजित योजनाओं का नाम बदल कर उसे अपना बता भाजपा जनता को गुमराह करती रही। प्रदेश में सड़कें यहां के लोगों के लिए लाइफ लाइन की तरह है, जिसकी सबसे ज्यादा दुर्दशा धूमल के शासनकाल में ही हुई। पर्यटन कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गया था। प्रदेश में वीरभद्र सरकार ने सत्ता में आते ही सबसे पहले सड़कों की हालत को सुधारने का काम आरंभ किया है। जहां पर चिकित्सक नहीं हैं, वहां पर चिकित्सक, जहां पर शिक्षक नहीं हैं, वहां पर शिक्षकों की व्यवस्था की जा रही है। किरतपुर- नेरचौक फोरलेन, मंडी आईआईटी, ईएचआईसी मेडिकल कालेज, रोहतांग टनल, सुंदरनगर का इंजीनियरिंग कालेज सब कांग्रेस ने ही जनता को दिया है।
इस मौके पर द मंडी सुकेत ट्रक ऑपरेटर को-आपरेटिव सोसाइटी के चेयरमैन सर्वजीत सिंह, प्रधान दलीप चौधरी ने ऑपरेटरों की समस्याओं को भी प्रतिभा सिंह के समक्ष रखा। इस मौके पर पूर्व विधायक टेक चंद डोगरा और युकां नेता संजय डोगरा ने भी लोगों को संबोधित कर कांग्रेस को समर्थन देने का आह्वान किया है।
