चार पुलिस कर्मी लाइन हाजिर!

बिलासपुर। रघुनाथपुरा जेल में ट्रायल पर रखे दो कैदियों के फरार मामले की गाज पुलिस कर्मचारियों पर गिर गई है। पुलिस की विभागीय जांच में दो अलग-अलग मामलों में कैदियों को न्यायालय में पेश करने के लिए जा रहे पुलिस कर्मचारियों की लापरवाही उजागर हुई है। इसके चलते पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड करने के साथ लाइन हाजिर कर दिया गया है। अब इन कर्मचारियों की सैलरी पर भी कट लगेगा। पुलिस के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार पुलिस कर्मियों को जांच प्रक्रिया के दौरान पूरी सैलरी के बजाय ‘सब्सिस्टैंस अलाउंस’ मिलेगा। इसमें कुल सेलरी का 50 प्रतिशत से अधिक भी कट सकता है।
दो रोज पहले ही ट्रायल पर चल रहे दो कैदी अलग-अलग जगह से फरार हो गए थे। घुमारवीं न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा कैदी हालांकि, फरार होने के बाद दबोच लिया गया है, लेकिन, कैदी को न्यायालय लेकर जा रहे दो कर्मचारी विभागीय कार्रवाई से नहीं बच सकेंगे। दोनों को सस्पेंड करते हुए लाइन हाजिर कर दिया है। उधर, एक अन्य कैदी कुल्लू ले जाते वक्त फरार हुआ था। नेपाली मूल के इस शख्स का अभी तक पता नहीं चल सका है। उसके साथ गए दो पुलिस जवान अभी भी उसकी तलाश में जुटे हैं। उन्हें विभागीय जांच के लिए तलब भी किया गया है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि चारों पुलिस जवान सस्पेंड के साथ लाइन हाजिर किए गए हैं। जांच प्रक्रिया के दौरान उन्हें महज ‘सब्सिस्टैंस अलाउंस’ मिलेगा। इसमें कुल सैलरी का 50 फीसदी से अधिक भी कट सकता है। फिलहाल, विभागीय कार्रवाई जारी है।

Related posts