चार दिन से प्रचंड हुए सूर्यदेव

पालमपुर (कांगड़ा)। चार दिन से प्रचंड हुए सूर्यदेव फिलहाल लोगों को राहत देने वाले नहीं हैं। इन दिनों तापमान में आए उछाल से लोगों को बड़ी गर्मी से जूझना पड़ रहा है। लोग पसीने से तरबतर हो रहे हैं। लेकिन अभी तक यह गर्मी किसानों के लिए बेहतर आंकी गई है। मई माह के मध्य में पड़ रही गर्मी से आए दिन तापमान बढ़ रहा है।
कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो अभी आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। इससे अभी लोगों को गर्मी से और जूझना पड़ेगा। हर दिन बढ़ रही गर्मी से लोग भले ही बेहाल हो रहेें हो लेकिन मौसम का यह मिजाज कृषि के लिए बेहतर बताया जा रहा है। चूंकि अभी भी कई जगह गेहूं की थ्रेसिंग का कार्य चला हुआ है। साथ ही किसान अभी अपनी आलू की फसल भी निकाल रहे हैं। किसान रविंद्र सिंह, चौधरी चुनी लाल, प्रदीप ठाकुर, प्रेम चंद, विनोद, पृथ्वी सिंह, अनिल कुमार, कृपाल सिंह, उत्तम गोस्वामी, रविंद्र सिंह राणा आदि किसानों ने कहा कि गर्मी से हालत खराब हो रही है। लेकिन बारिश न होने से गेहूं व आलू की फसल निकालने में मदद मिल रही है।
उधर, जिला कृषि अधिकारी डा. नवनीत सूद ने कहा कि अभी बारिश न होना किसानों के लिए ठीक है, जिससे किसान अपने गेहूं व आलू की फसल आराम से अंदर रख सकते हैं। उधर, कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. राजेंद्र प्रसाद ने कहा कि अभी तक बारिश की संभावना नहीं है। अभी तापमान एक से दो डिग्री बढ़ सकता है।

चार दिन का तापमान
18 मई : 35 डिग्री सेल्सियस
19 मई: 34.5
20 मई: 35.7
21 मई: 35.5

Related posts