
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। उपमंडल देहरा में तेज तूफान आने से सबसे ज्यादा दिक्कत आईपीएच विभाग और बिजली बोर्ड के सामने आ खड़ी हुई है। जहां बिजली आपूर्ति सामान्य करने में कर्मचारी मशक्कत कर रहे हैं। वहीं बिना बिजली के आईपीएच विभाग की करीब एक दर्जन से अधिक स्कीमें ठप पड़ी हुई हैं।
हालांकि बिजली बोर्ड का दावा है कि उन्होंने पेयजल स्कीमों की अधिकतर लाइनों को ठीक कर दिया है तथा आईपीएच विभाग शुक्रवार से पेयजल आपूर्ति शुरू कर सकता है। कई इलाकों में पानी की आपूर्ति ठप होने से लोगों के लिए हैंडपंप सहारा बने हुए हैं। बताया जा रहा है कि यदि शुक्रवार तक पानी की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो कुछ इलाकों में टैंकर लगाने की नौबत आ सकती है। वहीं इस प्राकृतिक आपदा से बिजली बोर्ड मंडल देहरा के करीब 200 पोल टूट चुके हैं। उन इलाकों में बिजली आपूर्ति शुरू होने में दो दिन और लगने की संभावना है। गांवों में बिजली की टूटी तारों को दुरुस्त करने का काम पूरा नहीं हुआ है, जिससे कई घर अभी भी उजाले के इंतजार में हैं। इधर, वन विभाग भी टूटे हुए पेड़ों का सर्वे करने में लगा हुआ है। वन विभाग का कहना है कि टूटे पेड़ों की गिनती करके इन्हें फिर वन निगम को सौंप दिया जाएगा। तूफान से वन विभाग को भी लाखों का नुकसान उठाना पड़ा है। आईपीएच विभाग के एसडीओ बीआर शर्मा का कहना है कि बिजली आपूर्ति ठप होने से उनकी कुछ स्कीमें प्रभावित हुई हैं। बिजली आपूर्ति शुरू होते ही पेयजल आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। बिजली बोर्ड के एक्सईएन प्रवीण धीमान का कहना है कि तूफान से करीब 200 खंभे टूटे हैं। फिर भी बिजली आपूर्ति करने में कर्मचारी जुटे हुए हैं। डीएफओ देहरा जेसी कटोच का कहना है कि तूफान से विभाग को लाखों का नुकसान हुआ है।
तूफान ने चौपट किया कारोबार
व्यापारियों ने किराए पर लिए जनरेटर
आइसक्रीम, दूध और दही हो रहे खराब
अमर उजाला ब्यूरो
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। चार दिन पहले आए तेज तूफान से हुई तबाही के निशान अभी भी इलाके में साफ देखे जा सकते हैं। इलाके के कई गांवों के घरों में भी अभी भी अंधेरा छाया हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी आइसक्रीम, दूध, दही, साफ्ट ड्रिंक्स और कन्फेक्शनरी का काम करने वालों को हो रही है। बिना बिजली के कई दुकानों में आइसक्रीम पिघलकर खराब हो गई। फ्रिजर में रखा दूध फट गया और दही का स्वाद भी खट्टा हो गया।
कई दुकानदारों को सामान खराब होने के बाद फेंकना पड़ा। जबकि बड़े व्यापारियों ने सामान सुरक्षित रखने के लिए किराए पर जनरेटर का प्रबंध कर लिया है। दुकानदार विक्रम सिंह, सुरेश कुमार, मनी भाटिया, आर्यन शर्मा और रमन कुमार आदि ने बताया कि बिजली के अभाव में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक-दो दिन से बिजली बोर्ड रात को बिजली सप्लाई कर रहा है। लेकिन दिन के समय कट लगने से परेशानी बरकरार है। जब तक बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो जाती वे किसी भी ऐसी वस्तु को स्टोर नहीं कर रहे हैं, तो जल्दी खराब हो जाती है। बिजली बोर्ड मंडल देहरा के एक्सईएन प्रवीण धीमान ने बताया कि बाजारों में करीब-करीब बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।
