चार दिन बाद भी पुलिस खाली हाथ

धर्मशाला। एक्साइज विभाग के अधिकारियों से की गई मारपीट के आरोपी चार दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस के हाथ चार दिन बीत जाने के बाद भी खाली हैं। बुधवार शाम को कुछ लोगों ने विभाग के तीन अधिकारियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज किया था।
जानकारी के अनुसार एक्साइज अधिकारियों ने मटौर के पास सरिये से लोड एक गाड़ी को बिल न होने पर जब्त कर लिया। उसे वह धर्मशाला कराधान कार्यालय ला रहे थे। लेकिन जब वह चरान खड्ड के पास पहुंचे तो कुछ लोगों ने सड़क के बीच गाड़ियां लगाकर विभाग की गाड़ी व सरिये से लोड गाड़ी को रोक लिया। गुंडा तत्वों ने अधिकारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। साथ ही उन्हें गाड़ी को न छोड़ने पर जान से मारने की धमकी तक दे डाली। मौके पर विभाग के ईटीओ, एईटीओ व एक इंस्पेक्टर मौजूद थे, जिनके साथ गाली-गलौज व मारपीट की गई। इसके चलते उक्त अधिकारियों ने पुलिस थाना धर्मशाला में एफआईआर दर्ज करवा दी। लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से दूर खुले में घूम रहे हैं। जबकि पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार आरोपियों पर जान से मारने, रास्ता रोकने, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने व लूटपाट करने का केस दर्ज है। वहीं एक्साइज अधिकारियोें को शनिवार को थाना में बुलाया गया तथा उनके दोबारा से बयान भी लिए गए।
उधर, धर्मशाला पुलिस थाना के एसएचओ देशराज चंदरोटिया का कहना है कि पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। आरोपी अपने घरों से फरार हैं। लेकिन पुलिस ने उक्त गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।

Related posts