चार दिन बाद भी डोडरा क्वार मार्ग बहाल नहीं

रोहड़ू। हिमपात के चार दिन बीतने के बाद भी डोडरा क्वार सड़क यातायात के लिए बहाल नहीं हो पाया है। चांशल घांटी पर परिवहन निगम की एक बस सहित करीब एक दर्जन वाहन फंसे हैं। क्षेत्र के लोग वाया उत्तराखंड के फदल होकर सफर कर रहे हैं।
हिमपात के कारण सात नवंबर की शाम से चांशल घाटी पर रोहड़ू से क्वार जाने वाली परिवहन निगम की बस फंसी हुई है। मार्ग पर करीब डेढ फुट बर्फ जमने से दर्जन भर लोगों के निजी वाहन और टैक्सियां फंसी हुई हैं। मौसम साफ होने के बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क खोलने के लिए नौ नवंबर से मशीनें लगाई हैं। चोटी पर अधिक ठंड और फिसलन के कारण आपरेटरों ने अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। विभाग की ओर से सड़क को खोलने के लिए बुलडोजर को रवाना किया है। मौसम खराब रहा तो करीब 13 हजार फुट ऊंचे चांशल दर्रे पर फिर हिमपात से सड़क के कई दिनों तक बाधित रहने की आशंका है। क्षेत्र के लिए आने वाले लोग अब उत्तराखंड के नैटवाड़ और जाने वाले भी वहां से कई घंटे पैदल सफर करके पहुंच रहे हैं।
लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन एनएल चौहान ने बताया कि विभाग की मशीनें बर्फ पर लगातार फिसल रही हैं। इसलिए सड़क खोलने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से एक बुलडोजर को भी सड़क खोलने के लिए भेज दिया गया है। चांशल घाटी में करीब डेढ़ फु ट बर्फ जमी है। उन्होंने कहा कि मौसम साफ रहा तो बड़े वाहनों के लिए मंगलवार तक सड़क खुलने की संभावना है।

Related posts