चार घंटे बाधित रह रही विद्युत सप्लाई

बरठीं (बिलासपुर)। बरठीं क्षेत्र में ग्राम पंचायत छत्त के अंतर्गत विद्युत उपभोक्ता बिजली की आंख मिचौली से परेशान हो गए हैं। करीब दो सप्ताह से बिजली की आंख मिचौली का सिलसिला जारी है। उपभोक्ताओं की परेशानी उस समय और बढ़ गई जब बिजली की तारों के टूटने के कारण करीब चार घंटों तक बिजली बाधित रही। लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिए जा रहे हैं। उधर, बिजली कटों से उद्योग धारक भी परेशान हैं।
स्थानीय लोगों में सुभाष ठाकुर, गोवर्धन सिंह, विशाल, संजय, कमल, मोनी कुमार, बबलू, मुकेश सहित अन्य ने कहा किविभाग द्वारा बिजली के अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। इससे उन्हें कई प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के इस मौसम में बिजली कटों से बच्चों को पढ़ाई भी बाधित हो रही है। पंचायत में स्थापित लघु उद्योग धारकों बिजली के कटों के कारण नुकसान उठाना पड़ रहा है। बिजली विभाग की मनमानी के कारण उनके काम लटक रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से बिजली कई मर्तबा पूरी रात भर गुल रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। गत मंगलवार बिजली की तारें टूटने के कारण करीब चार घंटे तक बिजली गुल रही। इससे विभागीय कर्मचारियों ने रात करीब दस बजे कड़ी मशक्कत के बाद ठीक किया। उन्होंने आशंका जाहिर की है कि कुछ शरारती तत्व बिजली की तारों को तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाए।
सहायक अभियंता आरपी सिंह ने कहा कि तारें टूटने के कारण यह समस्या पैदा हुई है। यदि इस मामले में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उचित कार्रवाई की जाएगी। लोगों को किसी प्रकार की समस्या न हो इसके लिए विभागीय कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं।

Related posts