चार घंटे बद रहा चंबा-भरमौर मार्ग

धरवाला/तीसा (चंबा)। जिला में लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। वहीं, मौसम में ठंडक के चलते गर्मी से निजात मिली है। शुक्रवार रात से शुरू हुई बारिश शनिवार शाम तक जारी रही। शाम चार बजे के बाद बारिश थमी, तब जाकर कुछ राहत मिली। उधर, बारिश के कारण विभिन्न क्षेत्रों में भूस्खलन का सिलसिला भी शुरू हो गया है। इससे जिला के दो प्रमुख मार्ग काफी देर तक ठप रहे। इनमें भरमौर और बैरागढ़ मार्ग शामिल हैं। जानकारी के अनुसार चंबा-भरमौर मार्ग भूस्खलन के कारण दोपहर वाद से अवरूद्ध रहा। धरवाला स्थित त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से मार्ग बंद हुआ था। इससे यातायात पूरी तरह ठप रहा। इस दौरान मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। आवाजाही बाधित होने से वाहन चालकों सहित सवारियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, भरमौर वासियों को जिला मुख्यालय पहुंचने में परेशानी हुई। पथ परिवहन निगम ने यात्रियों की सुविधा के लिए बसों की अदला-बदली कर यात्रियों को राहत पहुंचाई । आरएम चंबा विनोद कुमार ने बताया कि मार्ग बंद होने से सवारियों की आवाजाही के लिए बसें ट्रांसमिट की जा रही हैं। वहीं, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता एमके मिन्हास ने बताया कि धरवाला में मार्ग को शाम पांच बजे के करीब बहाल कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को बारिश के चलते दोपहर एक बजे के करीब यह मार्ग बंद हुआ था।
वहीं, तीसा उपमंडल के तहत चंबा-बैरागढ़ मार्ग सुक्राली के पास भूस्खलन के शनिवार सुबह सात बजे के करीब बंद हो गया था। मार्ग पर करीब दस घंटे यातायात बाधित रहा। शाम पांच बजे के करीब इसे छोटे वाहनों के लिए खोला गया। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता जय चंद ने बताया कि मार्ग को खोलने की कोशिशें दिन भर जारी रहीं, तेज बारिश के कारण मार्ग बहाल करने में मुश्किलें पेश आईं। वहीं अधिशासी अभियंता एमके मिन्हास ने बताया कि मार्ग को शाम पांच बजे के करीब खोल दिया गया है।

Related posts