
गैहरा (चंबा)। चंबा-भरमौर मुख्य मार्ग गैहरा के पास जंगाली नामक स्थान पर के पास भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया है। मार्ग पर काफी मलबा गिरने व बड़ी-बड़ी चट्टानें आने से मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। जानकारी के मुताबिक यह मार्ग वीरवार सुबह करीब तीन बजे बंद हुआ। इसके बाद लगभग चार घंटे तक मार्ग बंद रहा। मार्ग अवरुद्ध होने से सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गई। इससे भरमौर से आने-जाने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मार्ग बंद रहने से भरमौर से आने जाने वाले यात्रियों को मुश्किलें पेश आई और कई बसें भी देरी से अपने गंतव्य में पहुंची। लोक निर्माण विभाग के कर्मियों को जैसे ही मार्ग बंद होने की सूचना मिली। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को खोलने का कार्य शुरू कर दिया। विभाग ने जेसीबी लगाकर मार्ग सुबह सात बजे के करीब बहाल कर दिया। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय बाशिंदों राम कुमार, अशोक, विजय, राजेश, प्रवीन, जोधा राम, खियाली राम और होशियार सिंह ने बताया कि मार्ग आए दिन यह मार्ग भूस्खलन होने के कारण ठप हो जाता है। लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि इस मार्ग की उचित ढंग से मरम्मत की जाए। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता राजकुमार ने बताया कि विभाग को जैसे ही मार्ग बंद होने की सूचना मिली। मार्ग को खोलने के लिए जेसीबी लगा दी। मार्ग सुबह सात बजकर 20 मिनट पर बहाल कर दिया गया। विभाग ने बरसात के मौसम में समस्त मार्गों पर यातायात बहाल करने के लिए पुख्ता प्रबंध किए हुए हैं।
