
श्रीनगर। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का कार्य बहिष्कार बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। हालांकि कुलसचिव ने कर्मचारियों के साथ बैठक की, लेकिन किसी बिंदु पर सहमति नहीं बन पाई। अब सोमवार को दूसरी बैठक होगी।
कुलसचिव प्रो. पीएस राणा ने बृहस्पतिवार को शिक्षणेत्तर और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की। चार घंटे चली मैराथन बैठक में कुलसचिव अपनी बात मनवाने पर अड़े रहे, इसलिए कोई सहमति नहीं बन पाई। शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के महासचिव मनोज रतूड़ी ने कहा कि कुलपति ने विशेषाधिकार का प्रयोग कर कुलसचिव, उपकुलसचिव, सहायक कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक, सहायक परीक्षा नियंत्रक, वित्त अधिकारी और सहायक वित्त अधिकारी पदों का रेसलाइजेशन (पदनाम व वेतनमान संशोधन) कर दिया। मगर अन्य छोटे पदों का रेसलाइजेशन करने से कतरा रहे हैं। कहा जा रहा है कि उनके पदों का रेसलाइजेशन यूजीसी करेगा। एक ही विवि में कर्मचारियों के लिए दो नियम कैसे हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कुलपति अन्य पदों पर भी विशेषाधिकार का प्रयोग करते हुए रेसलाइजेशन करें। बैठक में शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी, रोशन सिंह, मस्तान सिंह मेहरा, कमलेश नैथाणी आदि मौजूद थे। कुलपति और कुलसचिव के शहर से बाहर होने के कारण इस मसले पर उनसे बातचीत नहीं हो पाई।
