
शिमला। हिमाचल भाजपा ने शिमला में हुई बैठक में संसदीय क्षेत्रों के दौरे तय किए। ये दौरे नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती, प्रदेश भाजपा प्रभारी बलबीर पुंज और संगठन महामंत्री पवन राणा करेंगे। 22 दिसंबर को कांगड़ा सीट की बैठक नूरपुर में, 23 को हमीरपुर सीट की बैठक शाहतलाई में, 24 को मंडी सीट की बैठक सुंदरनगर और 25 को शिमला सीट की बैठक शिमला में तय हुई है। इसमें संसदीय क्षेत्र के सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे।
इसमें लोकसभा चुनाव की रणनीति, प्रत्याशी फीडबैक, स्टैच्यू फॉर यूनिटी का लौह संग्रहण अभियान और प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की रैली की तैयारियां मुख्य मसले होंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि नरेंद्र मोदी फरवरी में हिमाचल में पहली रैली करेंगे। यह संभवतया हमीरपुर के सुजानपुर में होगी। उत्तराखंड में वह 15 दिसंबर को देहरादून में रैली कर रहे हैं। हिमाचल को फरवरी का समय दिया है। इन्हीं बैठकों में संगठन पर भी चर्चा होगी।
जिया में रणनीति बनाएगा भाजपा विधायक दल
शिमला। होटल होलीडे होम में भाजपा विधायक दल की अनौपचारिक बैठक प्रेम कुमार धूमल की अध्यक्षता में हुई। इसमें तय हुआ कि सत्र की रणनीति के लिए भाजपा विधायक दल 15 दिसंबर रविवार की शाम को चामुंडा के समीप जिया स्थित बिजली बोर्ड के रेस्टहाउस में बैठक करेगा। सत्र के दौरान उठाए जाने वाले मसलों पर भी चर्चा इस दौरान हुई।
15 को सभी जिला मुख्यालयों पर लगेगी दौड़
शिमला। बुधवार को शिमला में गुजरात में बन रहे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए वर्कशाप होटल होलीडे होम में थी। इसमें गुजरात की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री वसुबेन और नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल भी शामिल हुए। इसमें तय हुआ कि 15 दिसंबर को सरदार पटेल की जयंती पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों पर रन फॉर यूनिटी नाम से दौड़ का आयोजन होगा।
