चारों ओर अंधेरा, नजर नहीं आ रहा बसेरा

बरमाणा (बिलासपुर)। बरमाणा और आसपास की चार पंचायतों में बिजली का संकट पैदा हो गया है। गत शनिवार दोपहर बाद से इन पंचायतों में विद्युत आपूर्ति ठप है। शाम के समय बरमाणा में बिजली की आपूर्ति बहाल हो गई, लेकिन अन्य पंचायतों में रात भर अंधेरा पसरा रहा। इसके चलते इन पंचायतों की हजारों की आबादी को पूरी रात अंधेरे में काटनी पड़ी। रविवार दोपहर बाद तक भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई थी।
गत शनिवार दोपहर बाद करीब तीन बजे बरमाणा, बैरी, पंजगाईं, धौनकोठी व धारटटोह पंचायतों में बिजली अचानक गुल हो गई। पहले तो लोगों ने यही सोचा कि पावर कट लगा है, लेकिन शाम तक भी जब विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे परेशान होे गए। बरमाणा में शाम के समय बिजली आ गई, लेकिन अन्य चारों पंचायतों के दर्जनों गांवों में स्थिति जस की तस रही। रात को भोजन पकाने व खाना खाने से लेकर अन्य घरेलू कार्य उन्होंने बड़ी मुश्किल से निपटाए। विद्युत आपूर्ति रविवार दोपहर तक भी बहाल नहीं हुई थी।
धौनकोठी पंचायत प्रधान श्यामलाल ठाकुर, पंजगाईं की प्रधान गंभरी देवी व पूर्व बीडीसी सदस्य शेर सिंह ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में दिन भर में कई बार पावर कट लगते रहते हैं। चार पंचायतों में 24 घंटे से बिजली गुल है, लेकिन विद्युत बोर्ड इससे बेखबर नजर आ रहा है। एक रात तो उन्होंने जैसे-तैसे अंधेरे में काट ली। आपूर्ति बहाल न होने से दूसरे दिन भी ऐसे ही आसार नजर आ रहे हैं। उधर, इस बारे विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता ओपी चंदेल ने कहा कि बरमाणा सब-स्टेशन में पैनल जलने से समस्या पैदा हुई है। उनकी मरम्मत की जा रही है। विद्युत आपूर्ति जल्द बहाल कर दिए जाने की उम्मीद है।

Related posts