चांजू-देहरा पंचायत में दो दिन से बत्ती गुल

तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत चांजू और देहरा में दो दिन से बिजली नहीं आ रही है। इस कारण ग्रामीणों को अंधेरे में रातें काटनी पड़ रही है। विद्युत आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों में विद्युत बोर्ड के प्रति रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली बोर्ड की ओर बिजली बिल तो समय-समय पर वसूल कर लिया जाता है, लेकिन विद्युत आपूर्ति सुचारु रूप से नहीं हो रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक चांजू-देहरा में आज भी कई जगह लकड़ी के खंभे लगाए गए हैं, जोकि बारिश और तूफान होने से गिर जाते हैं। स्थानीय निवासी रमेश कुमार, अशोक, धीरज, रूप लाल, चैन सिंह, हेम राज, दिनेश कुमार, सतपाल सिंह, विजय कुमार, लाल चंद और राकेश ने बताया कि चांजू और देहरा पंचायत में महीने में लगभग दस दिन विद्युत आपूर्ति होती है। इसके अलावा 20 दिन बिजली गुल रहती है। इस कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होेंने विद्युत बोर्ड से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली की सप्लाई ठीक की जाए। इस संदर्भ में विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अश्विनी कुमार ने बताया कि बीती सोमवार रात बारिश और तूफान आने से लाइन में फाल्ट आ गया था। उन्होंने कहा कि जल्द विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।

Related posts