चल्लखा में हाई वोल्टेज से कीमती उपकरण जले

नेरचौक (मंडी)। विद्युत बोर्ड की लापरवाही के चलते भंगरोटू ग्राम पंचायत के चल्लखा गांव में लाखाें का नुकसान हो गया। शुक्रवार शाम को अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ जाने से गांव में कई परिवाराें के विद्युत उपकरण जल गए। हाई वोल्टेज से कई घरों में टीवी और एलसीडी आदि कीमती उपकरण भी जल गए हैं। वोल्टेज में एकाएक वृद्धि का कहर गांव के करीब एक दर्जन घरों में टूटा।
हाई वोल्टेज से प्रभावित जगदीश, मुनी लाल, महेंद्र सिंह, बिटू, कर्म सिंह भरमौरिया, जयदेव, भूपेंद्र, बेसर सिंह आदि के टीवी जल गए हैं। जबकि राम सिंह का एलसीडी तथा किरण कुमार का म्यूजिक सिस्टम खराब हो गया। बीडीसी सदस्य दिनेश कुमार के अनुसार गांव में लगे ट्रांसफार्मर के पैनल बोर्ड में तकनीकी खराबी थी। इसके बावजूद विभागीय कर्मचारियाें ने काम चलाए रखा। ग्रामीणाें ने इस बारे कई बार विभागीय कर्मचारियों से मौखिक तौर पर तकनीकी खराबी को दूर करने का आग्रह किया, लेकिन बोर्ड की ओर से कोई भी उचित कदम नहीं उठाया गया। इसका खामियाजा ग्रामीणों को शुक्रवार को भुगतना पड़ा है। उन्हाेंने प्रशासन से प्रभावितों को मुआवजा जारी करने तथा विद्युत बोर्ड से ट्रांसफार्मर के पैनल बोर्ड में आई तकनीकी खराबी को तत्काल दूर करने की मांग की है। उधर, इस बारे में विद्युत बोर्ड के एसडीओ राज रत्न शर्मा का कहना है कि ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी को शीघ्र दूर किया जाएगा।

Related posts