चलती बस से गिरी महिला, मौत

भवारना/डरोह (कांगड़ा)। पुलिस थाना भवारना के अंतर्गत डरोह में चलती बस से गिर जाने से एक महिला की मौत हो गई। महिला डरोह से भवारना आ रही थी। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। साथ ही महिला के शव को कब्जे में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार अचानक बस का दरवाजा खुल जाने से उक्त महिला बस से नीचे गिर गई। महिला की पहचान सुषमा सूद (45) पत्नी सुदर्शन सूद निवासी डरोह के रूप में हुई है। महिला रविवार को डरोह से भवारना एक निजी बस में अपने किसी रिश्तेदार के यहां हुई मौत पर शोक जताने जा रही थी। लेकिन भाटिल्लु गांव के पास चलती बस का दरवाजा अचानक खुल गया। इससे वह नीचे गिर गई। महिला को घायल अवस्था में पालमपुर अस्पताल लाया गया। लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार बस सवारियों से खचाखच भरी हुई थी। उधर, भवारना पुलिस के जांच अधिकारी जसपाल सिंह ने कहा कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।

Related posts