
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल की पशाडा खड्ड के पास एनएच पर चट्टाने गिरने से एक चलती कार चपेट में आ गई है। हादसे में कार चालक घायल हो गया है, उसे गाड़ी को काट कर बाहर निकालना पड़ा। उसे गंभीर हालत में रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार पंकज पुत्र सुरेंद्र कुमार निवासी पिंजौर जो वर्तमान में रामपुर के बीथल में रहता है, यहां से वह कैरी बैग सप्लाई करने का काम करता है। शनिवार को भी पंकज झाकड़ी के लिए बैग सप्लाई करने जा रहा था कि इसी दौरान झाकड़ी के पास पशाडा खड्ड के पास ऊपर से चट्टानें गिरने से कार इसकी चपेट में आ गई। हादसे में पंकज को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन का दल भी मौके पर पहुंचा और पंकज को घायल हालत में रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती किया गया।
डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने बताया कि हादसे के दौरान पंकज अपनी आल्टो कार एचपी-63-0465 में झाकड़ी जा रहा था। इसी दौरान ऊपर से चट्टानें गिरने से कार चपेट में आ गई । उन्होंने बताया कि पंकज को रामपुर के खनेरी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
