चरोड़ी में कोई स्वास्थ्य संस्थान नहीं

चुराह (चंबा)। चुराह की ग्राम पंचायत चरोड़ी में कोई भी स्वास्थ्य संस्थान नहीं है। इसके चलते लोगों को स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिल रही है। पंचायत की करीब दो हजार से अधिक आबादी को सात से आठ किलोमीटर दूर इलाज के लिए कल्हेल पीएचसी जाना पड़ता है। चरोड़ी पंचायत के हेलण, जतरूंडा, बीबरोग, कुल्हाल, ढकै, लाखण, चरोड़ी, द्रेबड़, देहरी, हदूंड, छतरार, भियूणी, लणोत, ख्लोग गांवों की दो हजार आबादी को स्वास्थ्य सुविधाएं से वंचित होना पड़ रहा है। गांवों में अचानक बीमार होने पर मरीजों को दो घंटे पीठ पर उठाकर सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। उसके बाद मरीजों को पांच किलोमीटर दूर कल्हेल स्थित स्वास्थ्य केंद्र में उपचार मिल पाता है। मरीजों को कई बार पालकी व चारपाई में उठाकर लाना पड़ता है। इससे मरीजों को भी परेशान होना पड़ता हैं। ग्रामीणों सरदार मोहम्मद, हमीद खान, हनीफ मोहम्मद, मनसा राम, कुंआरू राम, भगतो, लच्छो राम, हेमराज, ठिम्मू राम, मान सिंह, चुहडू राम, बजीरू राम, होशियारा राम, धनु राम ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र न होने के कारण आपातकालीन स्थिति में काफी दिक्कतें पेश आती हैं। ग्रामीणों ने सरकार व स्वास्थ्य विभाग से पंचायत में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की है।
उधर, इस बारे में आयुर्वेदिक के जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. जय प्रकाश ने बताया कि आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए जरूरी औपचारिकताएं पूर्ण करना जरूरी है। संबंधित पंचायत के लोग स्वास्थ्य केंद्र खोलने के लिए ग्राम सभा में प्रस्ताव पास कर स्थानीय एमएलए के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजें। उसके बाद सीएम विभागीय डायरेक्टर को क्षेत्र का सर्वे करने के आदेश देंगे। सर्वे के दौरान जरूरी शर्ते पूरी होने पर स्वास्थ्य केंद्र खुलने का रास्ता साफ होगा।

Related posts