
मंडी। चरस तस्करी के दो आरोपियों को अदालत ने दस-दस वर्ष के कठोर कारावास और एक-एक लाख रुपये जुर्माने की सजा का फैसला सुनाया है। जुर्माना राशि निश्चित समय मेें अदा न करने पर एक-एक साल के कठोर कारावास की सजा भुगतनी होगी। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पदम सिंह ठाकुर की विशेष अदालत ने उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के भगवानपुर (बदौट) निवासी फिरोज खान उर्फ अमजद खान पुत्र अखताल और बदौट तहसील के बिजरोल गांव निवासी साजिद पुत्र यामिन के खिलाफ मादक एवं नशीले पदार्थ अधिनियम की धारा 20 में अभियोग साबित होने पर कारावास और जुर्माने का फैसला सुनाया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार 19 जून 2012 को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के अन्वेषण अधिकारी वीरेंद्र सिंह को गुप्त सूचना मिली कि दो लोग चरस तस्करी में संलिप्त हैं और वे बस से चरस ले जा रहे हैं। एनसीबी के दल ने अधीक्षक कुलदीप शर्मा और वीरेंद्र सिंह की अगुवाई में ढेलु चौक पर स्वतंत्र गवाहों के साथ नाकाबंदी की गई।
इसी दौरान एनसीबी ने जब बस को तलाशी के लिए रोका तो इसमें बैठे आरोपियों के बैग से 4 किलो 700 ग्राम चरस मिली। आरोपियों को हिरासत में लेकर अदालत में अभियोग चलाया गया था। अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी करते हुए एनसीबी के विशेष लोक अभियोजक जीपी गुलेरिया ने 6 गवाहों के बयान कलमबंद करवा कर आरोपियों के खिलाफ अभियोग को साबित किया। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों से आरोपियों के खिलाफ संदेह की छाया से दूर अभियोग साबित हुआ है। सजा की अवधि पर हुई सुनवाई के बाद अदालत का कहना था कि चरस तस्करी के मामलों से समाज का ताना बाना प्रभावित हो रहा है ऐसे में आरोपियों के प्रति नरम रुख नहीं अपनाया जा सकता।
