चरस और अफीम के साथ दो गिरफ्तार

गोहर (मंडी)। गोहर पुलिस ने नाके के दौरान सलाहर और बगस्याड़ में दो लोगों को अफीम और चरस समेत हिरासत में लिया है। दोनों तस्करों ने बैग में चरस और अफीम छिपा रखी थी। जानकारी के मुताबिक बगस्याड़ के समीप पुलिस ने नाका लगाया था। इस दौरान पैदल आ रहे भलाच निवासी लाल सिंह को जब पुलिस ने तलाशी के लिए रोका तो उसके बैग से एक किलो 100 ग्राम चरस और 250 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं पुलिस ने सलाहर के समीप नाका लगाया हुआ था। थुनाग की ओर से पैदल आ रहे लाल सिंह निवासी पखरैर की नजर पुलिस पर पड़ते ही वह फरार होने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने उसे कुछ दूरी पर पकड़ लिया। जब उसके बैग की पुलिस ने तलाशी ली तो उसमें सौ ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है तथा दोनों के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करके तफ्तीश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गोहर नवीन झालटा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेश करने की प्रक्रिया चली हुई है।

Related posts