
कुमारसैन (शिमला)। कोटगढ़ और कुमारसैन की आराध्य देवी चतुर्भुज माता (थान) के मंदिर में शनिवार देर रात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से माता के छत्र सहित अन्य सामान उड़ाकर ले गए। इसके अलावा दान पात्र में रखी करीब दो हजार रुपये की नकदी पर भी हाथ साफ कर गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। चोरी की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात चोर कोटगढ़ की आराध्य माता चतुर्भुज (थान) के मंदिर में हाथ साफ कर गए। चोर मंदिर का ताला तोड़ कर पांच चांदी के छत्र सहित पांच चांदी के सिक्कों को ले उड़े। इसके अलावा चोर मंदिर में रखे दान पात्र को भी तोड़ कर करीब दो हजार की नकदी पर हाथ साफ कर गए हैं। प्रारंभिक जांच में चोरी किए गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख से अधिक आंकी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर सुनील नेगी ने कहा कि मंदिर से करीब डेढ़ लाख से अधिक का सामना चोरी हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने दावा किया कि आरोपी जल्द पुलिस की पकड़ में होंगे।
