
बिलासपुर। जिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के बहुप्रतीक्षित चुनाव में अमरनाथ ने बाजी मारी। मंगलवार को हुए चुनाव में उन्होंने 69 मतों से जीत हासिल कर अध्यक्ष पद पर कब्जा किया। कार्यकारिणी में कुछ अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति सर्वसम्मति से की गई।
जिला चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी संघ के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार को अराजपत्रित कर्मचारी भवन में चेतराम वर्मा व लेखराम कौंडल की अध्यक्षता में शुरू हुई। अध्यक्ष पद के लिए लोक निर्माण विभाग के अमरनाथ व वन विभाग के प्रकाश चंद गुलेरिया के रूप में दो दावेदारी सामर्ने आइं। सहमति न बनने पर मतदान का सहारा लेना पड़ा। सीधे मुकाबले में अमरनाथ 129 वोट बटोर ले गए, जबकि प्रकाश चंद गुलेरिया को महज 60 मतों से ही संतोष करना पड़ा। 5 वोट रद घोषित हुए। लिहाजा 69 मतों के अंतर से विजयी रहे अमरनाथ को संघ की कमान सौंपी गई।
अध्यक्ष पद के बाद कुछ पदाधिकारियों की नियुक्ति सर्वसम्मति से ही कर ली गई। स्वास्थ्य विभाग के राजेंद्र कुमार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, आईपीएच के संतोष कुमार को उपाध्यक्ष तथा उपायुक्त कार्यालय के सुखदेव धीमान को महासचिव चुना गया। इस मौके पर वरिष्ठ कर्मचारी नेता बिशनदास शर्मा, देवराज कश्यप, कर्म सिंह चंदेल, रणवीर सिंह ठाकुर व अश्वनी कुमार शर्मा आदि भी मौजूद थे।
