
सांगला (किन्नौर)। जिले के निगुलसरी के पास वीरवार देर रात को नेशनल हाइवे पर थाच नाले से भारी चट्टानों के आने से मार्ग एक बार फिर पूर्ण रूप से बंद हो गया है। सड़क बंद होने के कारण रिकांगपिओ सहित करच्छम, भावानगर और टापरी से रामपुर की ओर कोई भी वाहन नहीं आ पाया है। इसके चलते लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ा। वहीं, रिकांगपिओं की ओर से आने वाले लोगों को घटना स्थल के पास से पैदल चल कर आगे से दूसरे वाहनों में सफर करना पड़ रहा है।
इधर, सड़क में चट्टानों की आने की सूचना मिलते ही नेशनल हाइवे प्राधिकरण ने शुक्रवार सुबह दस बजे से ही बंद मार्ग को बहाल करने का काम शुरू कर दिया है। इसके लिए मौके पर 15 मजदूरों सहित दो मशीनों को काम पर लगाया गया है। एनएच के कनिष्ठ अभियंता मोहन मेहता ने मार्ग बंद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि थाच नाले से भारी चट्टानों के गिरने से करीब 60 मीटर सड़क मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। इसे देर शाम तक बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौसम खराब है और हो सकता है कि सड़क में पड़ी चट्टानों को हटाते ही ऊपर से और चट्टानें आ जाएं। इससे मार्ग को बहाल करने में और समय भी लग सकता है।
